कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष खरगे की रैली के बाद मंच के 'शुद्धिकरण' मामले पर PM मोदी से FIR की मांग की। उन्होंने इसे संविधान और SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम का सीधा उल्लंघन बताया। कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने भी JP नड्डा को पत्र लिखकर नाराजगी जताई।
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद मंच के कथित 'शुद्धिकरण' मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'X' के माध्यम से इस घटना को निंदनीय और शर्मनाक मानसिकता का प्रतीक बताया।
प्रियंका गांधी ने कहा कि यह कृत्य देश के संविधान और SC/ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने PM मोदी से सवाल किया कि यदि वे वास्तव में संविधान का सम्मान करते हैं, तो इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज होनी चाहिए और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी BJP अध्यक्ष JP नड्डा को पत्र लिखकर 24 दिन बाद भी FIR दर्ज न होने पर नाराजगी जताई। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी इस घटना को 'छुआछूत' के समान बताते हुए BJP-RSS की मानसिकता को जिम्मेदार ठहराया था।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि BJP की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष ने इस 'शुद्धिकरण' का बचाव किया है, जबकि प्रधानमंत्री इस मामले पर चुप हैं। CM धामी ने इस मामले पर कांग्रेस पर राज्य में भड़काऊ नैरेटिव फैलाने का आरोप लगाया है। यह मामला उत्तराखंड में राजनीतिक विवाद का केंद्र बना हुआ है।