मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और राहत शिविर में पीड़ितों से मुलाकात की। 21 राहत शिविरों में 567 परिवारों को 26 वस्तुओं वाले 50 किलो के राहत पैकेट दिए जा रहे हैं। NDRF, PAC और जल पुलिस की 48 नावें 24 घंटे तैनात हैं।
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को वाराणसी पहुंचकर गंगा और वरुणा नदी की बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद उन्होंने सलारपुर के विद्या विहार इंटर कॉलेज में स्थापित राहत शिविर का दौरा किया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।
CM योगी ने बताया कि राज्य सरकार ने 16 वार्डों के 567 परिवारों (2,486 लोगों) के लिए 21 राहत शिविर स्थापित किए हैं। प्रत्येक परिवार को 26 आवश्यक वस्तुओं वाला 50 किलो का राहत पैकेट दिया जा रहा है, जिसमें 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, दाल, तेल, चीनी, मसाले, साबुन, मोमबत्ती, माचिस, सैनिटरी पैड और दवाइयां शामिल हैं।
बचाव अभियान के तहत NDRF, PAC और जल पुलिस की 48 नावें 24 घंटे तैनात हैं। प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल कैंप लगाए गए हैं और जिनके पास आयुष्मान कार्ड नहीं है, उन्हें तत्काल कार्ड जारी किए जा रहे हैं।
किसानों की 131 हेक्टेयर डूबी फसल के लिए 1,129 किसानों का सर्वेक्षण चल रहा है। घर ढहने, बिजली गिरने या सांप-बिच्छू काटने से प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर ₹4 लाख की सहायता दी जाएगी। CM योगी ने कहा कि एक दशक पहले 40-45 जिले बाढ़ प्रभावित होते थे, अब सक्रिय प्रबंधन से यह संख्या घटकर 14 रह गई है।